Wednesday, 21 October 2026

Sana Khan: सना खान अचानक क्‍यों पहनने लगीं हिजाब, पूर्व एक्‍ट्रेस बोलीं- मुझे सपनों में मेरी कब्र दिखती थी

Sana Khan: सना खान अचानक क्‍यों पहनने लगीं हिजाब, पूर्व एक्‍ट्रेस बोलीं- मुझे सपनों में मेरी कब्र दिखती थी

सना खान ने टीवी पर ‘बिग बॉस 6’ से खूब सुर्ख‍ियां बटोरी थीं। वह सलमान खान के साथ फिल्‍म ‘जय हो’ में भी नजर आईं। लेकिन दो साल पहले 2020 में उन्‍होंने अचानक फिल्‍म इंडस्‍ट्री छोड़ दी। कभी अपनी हर तस्‍वीर में ग्‍लैमर का तड़का लगाने वाली सना खान ने हिजाब पहनना शुरू कर दिया। मफ्ती अनस सईद के साथ निकाह किया और धर्म के रास्‍ते पर चल पड़ीं। अब दो साल बाद सना खान ने अपने हिजाब पहनने के फैसले पर चुप्‍पी तोड़ी है। एक्‍ट्रेस ने एक वीडियो शेयर कर बताया है कि उन्‍होंने अपना लाइफस्‍टाइल क्‍यों बदला, क्‍यों उन्‍होंने हिजाब पहनना शुरू किया और क्‍यों फिल्‍मों को अलविदा कह दिया।

वीडियो में भी Sana Khan काले रंग के बुर्के में नजर आ रही हैं। वह कहती हैं, ‘मेरी पिछली जिंदगी में यकीनन मेरे पास सबकुछ था। नाम, पैसा, शोहरत, सबकुछ। मैं वह सब कर सकती थी, जो मैं करना चाहती थी। लेकिन इन सब के बीच एक चीज की कमी थी। मेरे दिल को चैन और सुकून नहीं मिल रहा था। मैं सोचती थी कि मेरे पास सबकुछ है, लेकिन मैं खुश क्‍यों नहीं हूं? यह बहुत ही मुश्‍क‍िल था और वो दिन भी आए जब मैं डिप्रेशन (Depression) में थी। फिर मुझे अल्‍लाह ने संकेत भेजे। अपना मैसेज दिया।’

सना खान ने वीडियो में 2019 का जिक्र किया है। वह कहती हैं, ‘साल 2019 में वह रमजान का महीना था। मुझे सपने में मेरी कब्र दिखाई देती थी। मुझे जलती हुई कब्र दिखती थी, जिसमें मैं थी। मैंने खाली कब्र नहीं देखी। मैंने उसमें खुद को देखा। मुझे लगा कि यह अल्‍लाह के संकेत हैं, जो वो मुझे दे रहे हैं कि अगर मैं नहीं बदली तो मेरा अंत ऐसा ही होगा। इससे मैं थोड़ी परेशान हो गई।’

सना खान आगे कहती हैं, ‘मुझे आज भी वो बदलाव याद हैं, जो उस वक्‍त हो रहे थे। मैं इस्‍लाम के मोटिवेशन वाले भाषण सुनती थी। एक रात मैंने कुछ बहुत ही खूबसूरत पढ़ा। उसमें एक संदेश था कि आप यह नहीं चाहेंगे कि आपका आख‍िरी दिन हिजाब पहनने का आपका पहला दिन हो। इस बात ने मुझे भीतर तक छुआ। मैंने रोने लगी। अगली सुबह मैं उठी, वह मेरा जन्‍मदिन था। मैंने पहले भी ढेर सारे स्‍कार्फ खरीदे थे। मैंने उस दिन स्‍कार्फ बांधा, खुद से कहा कि मैं अब इसे कभी नहीं हटाउंगी।’

सना खान हाल ही अपने शौहर अनस सईद के साथ हज पर गई थीं। वह इस यात्रा से लौटने पर बेहद खुश हैं। वह कहती हैं, ‘मुझे खुशी है कि अब मैं बदल गई हूं। अब मैं पीछे नहीं लौटने वाली हूं। अब मैं अपना हिजाब कभी नहीं हटाने वाली हूं।’दिलचस्‍प है कि सना खान की गिनती कभी बॉलीवुड की उन एक्‍ट्रेसेस के तौर पर होती थी, जिन्‍होंने ग्‍लैमर के बूते करियर बनाने की कोश‍िश की। फिल्‍म ‘दन दना दन गोल’ में उनके डांस नंबर ‘ब‍िल्‍लो रानी’ से उन्‍होंने खूब पॉप्‍युलैरिटी मिली थी। वह सलमान खान के साथ ‘जय हो’ के अलावा अक्षय कुमार की फिल्‍म ‘टॉयलेट: एक प्रेम कथा’ और ‘वजह तुम हो’ में भी नजर आ चुकी हैं।

About the author

राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं, देश-राज्य की राजनीति और सुप्रीम कोर्ट से जुड़ी खबरों पर लेखन। बिजनेस और स्पोर्ट्स की खबरें भी। ब्रेकिंग न्यूज की होड़ के बीच डिजिटल मीडिया में एआई जैसे नवाचार की नर्सरी का छात्र।