Tuesday, 20 October 2026

ठंड भगाने के लिए क्या खाना चाहिए? कौन से विटामिन की कमी से लगती है ज्यादा ठंड, जानें वजह

ठंड से कांपता युवक

सर्दियों का मौसम आते ही कुछ लोग दूसरों के मुकाबले ज्यादा ठंड महसूस करते हैं। अगर आपको भी हर समय ठंड लगती रहती है, तो इसके पीछे सिर्फ मौसम नहीं, बल्कि शरीर के अंदर की कुछ कमियां भी वजह हो सकती हैं।

ज्यादा ठंड लगने की वजहें

विटामिन B12 और D की कमी: विटामिन B12 लाल रक्त कोशिकाएं बनाने के लिए जरूरी होता है। इसकी कमी से शरीर के अंगों तक ऑक्सीजन और गर्माहट ठीक से नहीं पहुंचती। वहीं विटामिन D इम्यूनिटी और थायरॉयड फंक्शन को नियंत्रित करता है, इसके असंतुलन से भी ठंड ज्यादा लगती है।

एनीमिया: हीमोग्लोबिन या आयरन की कमी से खून का संचार धीमा पड़ जाता है। खून पूरे शरीर तक ठीक से नहीं पहुंचता, इसलिए हाथ-पैर ठंडे रहते हैं।

हाइपोथायरॉयडिज्म: थायरॉयड की इस दिक्कत में मेटाबॉलिज्म धीमा हो जाता है, जिससे शरीर कम गर्मी पैदा करता है और ठंड ज्यादा महसूस होती है।

कम वजन: शरीर की चर्बी प्राकृतिक इंसुलेटर का काम करती है। दुबले-पतले लोगों के शरीर में यह परत कम होती है, इसलिए उन्हें ठंड ज्यादा सताती है।

ठंड भगाने के लिए क्या खाएं

गाजर, शकरकंद और आलू: ये चीजें पचने में ज्यादा समय लेती हैं, जिससे पाचन के दौरान शरीर अंदर से गर्म रहता है।

बाजरा, ओट्स और ब्राउन राइस: ये कॉम्प्लेक्स कार्ब्स धीरे-धीरे पचते हैं और शरीर को लंबे समय तक एनर्जी देते हैं।

देसी घी और ड्राई फ्रूट्स: सर्दियों में थोड़ी मात्रा में ये चीजें शरीर का तापमान बनाए रखने में कवच का काम करती हैं।

दालचीनी, हल्दी, काली मिर्च, अदरक और लहसुन: खाने में इन मसालों का इस्तेमाल बढ़ाएं। ये मेटाबॉलिज्म तेज करके शरीर में गर्मी पैदा करते हैं।

चीनी की जगह गुड़ या खजूर: ये तुरंत आयरन और एनर्जी देते हैं, जो ठंड से लड़ने में मदद करते हैं।

About the author

राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं, देश-राज्य की राजनीति और सुप्रीम कोर्ट से जुड़ी खबरों पर लेखन। बिजनेस और स्पोर्ट्स की खबरें भी। ब्रेकिंग न्यूज की होड़ के बीच डिजिटल मीडिया में एआई जैसे नवाचार की नर्सरी का छात्र।