Shehnaaz Gill Photos: सड़क किनारे गीली मिट्टी देख मचल उठीं शहनाज गिल, बच्चों की तरह हुईं लोट-पोट

नई दिल्ली, जेएनएन। शहनाज गिल अपनी मासूमियत और सादगी के लिए जानी जाती हैं। उनकी इन्हीं बातों पर फैंस अक्सर फिदा हो जाते हैं और उनकी तारीफ करते नहीं थकते। अब शहनाज गिल की कुछ तस्वीरें सोशल मीडिया में वायरल हो रही हैं, जिनमें शहनाज का ऐसा ही अंदाज सामने आ रहा है। शहनाज ने तस्वीरों को इंस्टाग्राम एकाउंट से शेयर किया है। इन तस्वीरों में शहनाज को मिट्टी में लोट-पोट होते हुए देखा जा सकता है। काले कपड़े पहने शहनाज मिट्टी में लेटी हुई हैं। उनके हाथ-पैर मिट्टी से सने हैं। बालों में भी मिट्टी लगी है, जिन्हें देखकर समझा जा सकता है कि शहनाज कितनी शिद्दत से गीली मिट्टी में खेली हैं।

एक तस्वीर में शहनाज अपने माथे पर मिट्टी का टीका लगाती नजर आ रही हैं। एक अन्य फोटो में शहनाज अपने पैरों पर मिट्टी रगड़ रही हैं, जैसे मालिश कर रही हों। मिट्टी में खेलने के बाद शहनाज ने खुद को साफ किया और तस्वीरें साझा कीं। इन सभी फोटो के साथ शहनाज ने लिखा है- स्पा टाइम।

शहनाज की इन तस्वीरों को भी फैंस खूब एंजॉय कर रहे हैं और कमेंट सेक्शन में प्रतिक्रिया दे रहे हैं। कई फैंस ने लव इमोजी बनाकर शहनाज के लिए प्यार जताया है। वहीं, कुछ फैंस ने चुटकी भी ली है। एक फैन ने लिखा- मम्मी मारेगी तुम्हें कीचड़ में खेल रहे हो ना। कुछ फैंस ने शहनाज के लिए लिखा कि अपनी यह जादुई मुस्कान यूं ही कायम रखना। फैंस शहनाज की सादगी की तारीफ भी कर रहे हैं।

पंजाबी फिल्म इंडस्ट्री में सक्रिय शहनाज गिल बिग बॉस 13 में भाग लेकर चर्चा में आयी थीं। शो में सिद्धार्थ शुक्ला के साथ उनकी जोड़ी खूब हिट रही। दोनों को सिडनाज (SidNaaz) के नाम से जाना गया और आज भी सोशल मीडिया में शहनाज को सिद्धार्थ से जोड़कर ही देखा जाता है। सिद्धार्थ शुक्ला के निधन के बाद शहनाज काफी दुखी हुई थीं और कई दिनों तक सोशल मीडिया से दूर रहीं। शहनाज सलमान खान के भी काफी करीब हैं।