Tuesday, 10 November 2026

एकता कपूर 43 साल की उम्र में बनीं मां, नाना बने जितेंद्र के घर गूंजी किलकारी

एकता कपूर 43 साल की उम्र में बनीं मां, नाना बने जितेंद्र के घर गूंजी किलकारी

टीवी इंडस्ट्री की सोप क्वीन और एकता कपूर को लेकर एक खुशखबरी सामने आई है। दरअसल 43 साल की एकता कपूर बिना शादी किये ही एक बेटे की मां बन गई हैं। जी हां, ये किसी सीरियल की कहानी नहीं बल्कि सच है। एकता कपूर सेरोगेसी के ज़रिए मां बनी हैं। एक रिपोर्ट के मुताबिक, एकता का बेटा बिल्कुल स्वस्थ है और वह जल्दी घर आएगा।

बता दें कि सेरोगेसी के ज़रिए एकता कपूर के बेटे का जन्म 27 जनवरी को हुआ है। फिलहाल वो अपने बेटे को घर लेकर नहीं आई हैं, लेकिन जल्द ही उसे घर लाया जाएगा। इसी खुशखबरी के साथ अभिनेता जितेंद्र भी अब नाना बन चुके हैं। इस खबर के बाद से ही एकता कपूर को बधाई संदेश मिलने का तांता शुरू हो चुका है। इस लिस्ट में फिल्म डायरेक्टर हंसल मेहता से लेकर संजय गुप्ता तक शामिल हैं।

एक इंटरव्यू के दौरान एकता कपूर ने कहा था कि वो अपनी ज़िंदगी में सही शख्स के आने का इंतज़ार कर रही हैं। मगर जब उनके भाई तुषार कपूर सेरोगेसी के ज़रिये साल 2016 में पिता बने, तब एकता कपूर ने भी मां बनने की इच्छा जताई थी। अब अपने भाई के नक्शे कदम पर चलते हुए एकता कपूर भी सेरोगेसी का सहारा लेकर मां बन चुकी हैं।

एकता कपूर और तुषार कपूर के अलावा बाॅलीवुड में ऐसे बहुत से सेलिब्रिटीज़ हैं, जिनके घर सेरोगेसी के ज़रिए किलकारियां गूंजी हैं। आमिर ख़ान की दूसरी पत्नी किरण राव के बेटे आज़ाद खान ने भी साल 2011 में सरोगेसी की मदद से जन्म लिया था। शाह रुख़ ख़ान भी साल 2013 में सरोगेसी की मदद से क्यूट अबराम के पिता बने। सनी लियोनी और उनके पति डैनिल वेबर ने भी कुछ समय पहले सरोगेसी की मदद से ट्विन्स बच्चों का स्वागत किया। इस लिस्ट में करण जौहर का नाम भी शामिल है, जिन्होंने साल 2017 की शुरुआत में अपने बच्चों यश और रूही के जन्म की खबर से सभी को चौंका दिया था।

About the author

राष्ट्रीय, अंतरराष्ट्रीय घटनाएं, देश-राज्य की राजनीति और सुप्रीम कोर्ट से जुड़ी खबरों पर लेखन। बिजनेस और स्पोर्ट्स की खबरें भी। ब्रेकिंग न्यूज की होड़ के बीच डिजिटल मीडिया में एआई जैसे नवाचार की नर्सरी का छात्र।